तिरुवनंतपुरम में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा विपक्ष के नेता पिनाराई विजयन के घर के बाहर उस समय हंगामा हो गया, जब सीपीआई (एम) कार्यकर्ताओं ने ईडी अधिकारियों की गाड़ी पर हमला कर दिया. ये कार्यकर्ता कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) मामले में ईडी द्वारा विजयन के आवास समेत केरल के 10 जगहों पर की गई छापेमारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे.
वीडियो में देखा जा सकता है कि पूर्व मुख्यमंत्री के घर के गेट पर कुछ सीपीआई (एम) कार्यकर्ताओं ने ईडी अधिकारियों के काफिले को रोक लिया. इसके बाद उन्होंने गाड़ियों पर हमला कर दिया, जिसमें कुछ लोगों ने ईंटें फेंककर कार के शीशे तोड़ दिए.
एजेंसी को मिली जानकारी के अनुसार वीना अपने पिता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पी. विजयन के साथ तिरुवनंतपुरम स्थित घर में रह रही थीं, जिसके आधार पर उस घर पर भी छापेमारी की गई. जब ईडी की टीम मौके पर पहुंची, तब पी. विजयन भी वहीं मौजूद थे. तलाशी के दौरान कई अहम दस्तावेज, बैंक खातों की डिटेल, डिजिटल साक्ष्य, निवेश और बैंक एफडी से जुड़े रिकॉर्ड बरामद किए गए. इसके साथ ही ईडी ने छापेमारी में सामने आए करीब 242 बैंक खातों में मौजूद लगभग 18 करोड़ 36 लाख रुपये को फ्रीज कर दिया है और इन सभी सबूतों की जांच जारी है.
इस कार्रवाई के बाद हालात तब बिगड़ गए जब तलाशी खत्म होने के बाद ईडी की एक टीम पर हमला हो गया. आरोप है कि भीड़ ने बिना किसी उकसावे के ईडी और सीआरपीएफ की गाड़ियों पर ईंट और लोहे की रॉड से हमला कर तोड़फोड़ की. इस हमले में एजेंसी और सुरक्षाबलों की तीन गाड़ियों को नुकसान पहुंचा, जबकि एक ड्राइवर की आंख में चोट भी आई है. ईडी का कहना है कि यह हमला अचानक नहीं बल्कि साजिश के तहत किया गया प्रतीत होता है.
एजेंसी ने साफ किया है कि पूरी तलाशी और कार्रवाई कानून के दायरे में की गई थी और न तो ईडी अधिकारियों ने और न ही सीआरपीएफ जवानों ने भीड़ के प्रति कोई आक्रामक रवैया अपनाया. इस मामले में ईडी ने तिरुवनंतपुरम पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है. साथ ही एजेंसी ने यह भी कहा है कि CMRL मामले में जिन लोगों को कथित तौर पर रिश्वत या पैसा दिया गया है, उनकी भूमिका की जांच आगे भी जारी रहेगी.
इधर, विवादित एक्सालाजिक-सीएमआरएल पेमेंट विवाद से जुड़े अलग-अलग ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी से बुधवार को केरल में तीखी राजनीतिक तकरार शुरू हो गई. इसमें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक बदले के लिए करने का आरोप लगाया. वहीं, भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बेटी वीणा विजयन से जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन पर जवाब मांगा.
#WATCH | Keralam: Commotion outside the residence of former Chief Minister and present LoP Pinarayi Vijayan in Thiruvananthapuram, as CPI(M) workers attacked a vehicle of ED officials.
The workers are protesting against the central agency over its searches at 10 premises in… pic.twitter.com/fx7Y4xutLB
— ANI (@ANI) May 27, 2026
जांच के तहत ईडी ने कई जगहों पर तलाशी ली, जिनमें पिनाराई विजयन, उनकी बेटी वीणा विजयन और राज्य के पूर्व मंत्री व दामाद पीए मोहम्मद रियास के घर शामिल हैं. इन तलाशी अभियानों ने तुरंत ही एक राजनीतिक विवाद का रूप ले लिया, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे.
सीपीआई (एम) के महासचिव एमए बेबी ने इन छापों की कड़ी निंदा की और आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार जांच एजेंसियों के ज़रिए विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है. एक बयान में, पार्टी ने कहा कि इन छापों का मकसद विजयन और सीपीआई (एम) को डराना है
ये भी पढ़ें : निक्की भाटी केस में समझौता…बच्चों के नाम संपत्ति, बहन कंचन जाएगी ससुराल, जानें कैसे सुलझा ये मामला


