कटिहार:
बिहार में पुलिस के अजब-गजब कारनामे देखने को मिले हैं. कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र स्थित महिपाल नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा. एक-दो नहीं, बल्कि दर्जनों गोलियां चलने जैसी आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए, जबकि कई परिवार दहशत में अपने दरवाजे बंद कर बैठ गए. बच्चे और महिलाएं सहम गए. स्थानीय लोगों के मुताबिक गोलियां इतनी तेजी से आईं कि कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए, कुछ कारों के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए और कई दीवारों पर गोलियों के निशान दिखाई दिए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई.
जानकारी के अनुसार यह इलाका बीएमपी-7 के फायरिंग रेंज के बेहद नजदीक है. आशंका जताई जा रही है कि पुलिस की फायरिंग प्रैक्टिस के दौरान कुछ गोलियां या छर्रे रिहायशी इलाके तक पहुंच गए. घटना की सूचना मिलते ही कटिहार के एसपी शिखर चौधरी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का जायजा लिया. उन्होंने क्षतिग्रस्त घरों, गाड़ियों और दीवारों पर पड़े निशानों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली.
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि अचानक गोलियों की आवाजें आने लगीं और कई राउंड फायरिंग जैसी स्थिति महसूस हुई. एसपी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए थाना स्तर पर और डीएसपी रैंक के अधिकारी की अगुवाई में जांच कमेटी गठित करने का निर्देश दिया है. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आखिर किस परिस्थिति में फायरिंग रेंज से गोलियां रिहायशी इलाके तक पहुंचीं.
स्थानीय निवासी विशाल कुमार ने बताया कि वे कुछ लोगों के साथ खड़े थे, तभी एक गोली गिरती हुई दिखी. इसी दौरान पीछे से एक और गोली दीवार से टकराई और फिर लगातार 10 से 15 राउंड की आवाज सुनाई दी. उन्होंने बताया कि गोलियां इतनी तेज रफ्तार से आ रही थीं कि जान बचाने के लिए लोगों को तुरंत वहां से भागना पड़ा.
ये भी पढ़ें : दोस्ती, डिफेंस और महाडील… इटली से दोस्ती पर बोले पीएम मोदी – ये नई शुरुआत है


