उत्तर प्रदेश की गौतमबुद्धनगर पुलिस को मोबाइल चोरों के एक बड़े अंतर्राज्यीय सिंडिकेट को ध्वस्त करने में बड़ी सफलता हाथ लगी है. ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस गिरोह के दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये की भारी-भरकम कीमत वाले IQOO कंपनी के 316 चोरी के प्रीमियम मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल होने वाला एक थ्री-व्हीलर ऑटो (जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी) और दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं.
मेट्रो स्टेशन के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, 28 जून 2026 को मुखबिर से मिली गोपनीय सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर नॉलेज पार्क पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया. इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सेक्टर-148 मेट्रो स्टेशन के पास पिलर नंबर 659 की घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा. पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान विजय उर्फ नीटू (निवासी दादूपुर, गौतमबुद्धनगर) और मिथुन (निवासी बुलंदशहर) के रूप में हुई है. मुख्य आरोपी विजय का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसके खिलाफ पहले से ही पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं.
greater noida police arrests two mobile thieves syndicate busted iqoo smartphones recovered
दिल्ली से जुड़े हैं चोरी के तार
एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इन सभी कीमती फोनों को दिल्ली के द्वारका इलाके से चुराया था. इस बड़ी चोरी के संबंध में दिल्ली के द्वारका सेक्टर-23 थाने में पहले से ही मुकदमा दर्ज है. फिलहाल, इस गैंग के खिलाफ नॉलेज पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत नए मामले दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
गौरतलब है कि इस बड़े सिंडिकेट के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी गिरोह से जुड़े तीन अन्य आरोपियों को नॉलेज पार्क पुलिस ने बीते 21 जून को भी गिरफ्तार किया था, जिनके कब्जे से 50 लाख रुपये की कीमत के 100 मोबाइल फोन बरामद हुए थे. पुलिस अब इस सिंडिकेट के नेटवर्क को पूरी तरह से तोड़ने और फरार चल रहे अन्य साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
यह भी पढ़ें- DSP की वाइफ ने फेसबुक पर लिखा- मां बीमार, बच्चों को इंतजार, नक्सल क्षेत्र से पति का हो ट्रांसफर, अब हुआ तबदला
यह भी पढ़ें- DSP की पत्नी की एक फेसबुक पोस्ट ने बदल दी जिंदगी, दिलचस्प है इनकी शादी की कहानी


