अगर आप भी अपने बच्चों के दिल की बात जानना चाहते हैं और उनकी बेहतर परवरिश करना चाहते हैं, तो डिनर पर उनसे जरूर बातें शेयर करें. दरअसल आज की इस भागदौड़ भरी लाइफ में पेरेंट्स और बच्चों के बीच बातचीत का समय लगातार कम होता जा रहा है. ऐसे में ‘मील टाइम’ यानी खाना खाने का समय, खासकर रात के डिनर का वक्त, ही ऐसा होता है जब हम पूरी फैमिली एक साथ मिलकर खाना खाते हैं. यही वो समय है जब बच्चों के साथ एक मजबूत कनेक्शन और बॉन्डिंग बना सकते हैं. तो चलिए जानते हैं आपको कौन सी बातें बच्चों के साथ करनी चाहिए.
काम के चलते अगर आपको भी ज्यादा समय नहीं मिलता बच्चों के साथ रहने का, तो पेरेंटिंग कोच पुष्पा शर्मा द्वारा बताए इन टिप्स को हर माता-पिता को जरूर करना चाहिए फॉलो.
डिनर टेबल पर माता-पिता को बच्चों से कौन से सवाल पूछने चाहिए?
सवाल- 1. अगर मैं तुम्हारी किसी भी Demand के लिए पहले ही ‘हां’ कर दूं, तो तुम क्या मांगोगे?
यह एक ऐसा सवाल है जो बच्चों के चेहरे पर तुरंत मुस्कान ले आएगा. इस सवाल को पूछने से आप बहुत आसानी से यह समझ पाएंगे कि इस समय उनकी अपनी दुनिया में क्या चल रहा है और उनकी असल विश क्या है. क्या पता वो किसी ऐसी चीज़ की उम्मीद लगाए बैठे हों जिसके बारे में आपने सोचा भी न हो.
सवाल- 2. आज तुमने क्या नया सीखा?
हर दिन कुछ नया सीखना लाइफ में आगे बढ़ने के लिए बहुत ज़रूरी है. जब आप रोज बच्चों से यह सवाल पूछेंगे, तो उनके अंदर एक ‘ग्रोथ माइंडसेट’ (growth mindset) डेवलप होने लगेगा. वह बहुत कम उम्र में ही यह बात अच्छी तरह समझ जाएंगे कि जिंदगी का मतलब हर दिन कुछ नया सीखना और लगातार आगे बढ़ते रहना है.
सवाल- 3. एक गलती जो तुमने आज की हो?
अक्सर बच्चे गलती करने पर डर जाते हैं या उसे छुपाने की कोशिश करते हैं. लेकिन जब आप डिनर पर उनसे उनकी गलतियों के बारे में नॉर्मली बात करेंगे, तो उनका डर खत्म हो जाएगा. वे गलतियों को सामान्य (normal) तरीके से लेना शुरू कर देंगे. उन्हें समझ आएगा कि गलतियां हम सभी से होती हैं और सबसे ज़रूरी बात यह है कि हम अपनी गलतियों से सीखकर आगे बढ़ें.
सवाल- 4. आज तुमने किसी दूसरे को क्या एक काम अच्छा करते देखा?
यह सवाल बच्चों के दिल में दूसरों के प्रति प्यार और दया की भावना जगाने के लिए सबसे बेस्ट है. इससे बच्चे दूसरों के अच्छे कामों पर ध्यान देना शुरू करेंगे. वे उन अलग-अलग तरीकों को सीख और समझ सकेंगे, जिससे वे खुद भी किसी दूसरे की मदद कर सकें या किसी के प्रति काइंडनेस दिखा सकें.
सवाल- 5. अगर तुम्हारे पास कोई सुपरपावर होता तो वह क्या होता और क्यों?
यह बच्चों का सबसे पसंदीदा टॉपिक होता है. सुपरपावर की बात आते ही बच्चे एकदम कंफर्टेबल हो जाते हैं और खुलकर अपने मन की बातें करने लगते हैं. सुपरहीरो और जादुई शक्तियों के बहाने आप उनके ‘इन्नर वर्ल्ड’ (inner world) यानी उनके अंदर चल रहे विचारों और उनकी कल्पनाओं को बहुत गहराई से समझ पाएंगे.
सवाल- 6. पूरे दिन कोई एक ऐसी चीज या बात जिसने तुम्हारे चेहरे पर ला दी हो?
दिनभर की थकान या छोटी-मोटी नोकझोंक के बाद यह सवाल बच्चों का मूड एकदम फ्रेश कर देगा. इस सवाल को सुनते ही बच्चा तुरंत उस खुशनुमा पल (moment) में वापस चला जाता है, जिसने उसे बहुत अच्छा फील कराया था. फिर वह बहुत ही चाव से और डिटेल में आपको उस पूरी बात को बताता है.
ये भी पढ़ें- 12 ज्योतिर्लिंग यात्रा की शुरुआत कहां से करें? ट्रैवल रूट के हिसाब से पहला स्टॉप


