पंजाब निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी ने परचम लहरा दिया है. AAP ने बढ़िया प्रदर्शन करते हुए 8 नगर निगमों में से 5 पर जीत हासिल की है. मोहाली, बरनाला, बटाला, मोगा, बठिंडा नगर निगम AAP के खाते में गया, कपूरथला पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया, वहीं अबोहर बीजेपी का हो गया.
पंजाब में 8 नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों समेत कुल 104 स्थानीय निकायों के लिए मतदान हुआ था, जिसका रिजल्ट आ चुका है. आम आदमी पार्टी के 958 उम्मीदवारों ने स्थानीय निकाय चुनाव में जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस 397 वार्ड जीतकर दूसरे नंबर की पार्टी बन गई है. ये निकाय चुनाव अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले काफी अहम माने जा रहे हैं. इनके नतीजों का असर विधानसभा चुनावों पर भी देखने को मिल सकता है. इस जीत से भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल गदगद नजर आए. केजरीवाल और मान ने इसे काम की राजनीति की जीत बताया.
48% से ज्यादा वार्डों पर AAP की जीत
2027 पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले स्थानीय निकाय चुनाव सत्ताधारी AAP, कांग्रेस, बीजेपी और अकाली दल के लिए लिटमस टेस्ट से कम नहीं है. आम आदमी पार्टी ने 48 प्रतिशत से ज्यादा वार्डों में जीत दर्ज हासिल की है. मुख्यमंत्री भगवंत मान कह रहे हैं कि जनता ने सत्ताधारी पार्टी की विकासवादी नीतियों का समर्थन किया और विपक्ष की ‘नफरत की राजनीति’ को परास्त किया.
अबोहर नगर निगम पर बीजेपी का कब्जा
अबोहर नगर निगम पर बीजेपी ने परचम लहरा दिया है. बीजेपी ने यहां 26 सीटें जीती हैं. वहीं मोगा नगर निगम और कोट ईसेखां पंचायत चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शानदार जीत हासिल की है. ईसेखां नगर पंचायत चुनाव में 13 सीटों में से AAP ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की नाभा नगर काउंसिल भी AAP जीत गई है.
| पार्टी | 1,977 में से कितने वार्डों पर जीत |
| आम आदमी पार्टी | 958 |
| कांग्रेस | 397 |
| शिरोमणि अकाली दल | 192 |
| बीजेपी | 172 |
| निर्दलीय | 251 |
| बीएसपी | 7 |
पंजाब राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, AAP ने कुल 1,977 वार्डों में से 958 में जीत दर्ज की जबकि कांग्रेस 397 वार्ड जीतकर दूसरे स्थान पर रही, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने 191 वार्ड जबकि भारतीय जनता पार्टी ने 172 वार्डों में जीत का परचम फहराया. इन शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 251 वार्डों में जीत दर्ज की.
भगवंत मान AAP की जीत से उत्साहित
मायावती की बहुजन समाज पार्टी ने भी 7 वार्ड में जीत हासिल की. चुनाव आयोग के मुताबिक, वोटों की गिनती अभी जारी है. एक वार्ड का परिणाम घोषित नहीं हुआ है. पंजाब में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की जीत से उत्साहित मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जनता ने ‘आप’ सरकार के विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगा दी है.

कपूरथला में AAP को झटका
जनता ने विभाजनकारी राजनीति करने वाली पार्टियों को नकार दिया है. इन निकाय चुनावों को सत्तारूढ़ पार्टी के लिए एक अग्निपरीक्षा के रूप में देखा जा रहा है, जो राज्य में अपनी सत्ता बरकरार रखने की उम्मीद कर रही है.कपूरथला में आम आदमी पार्टी को झटका लगा है. वहीं अबोहर में बीजेपी ने जीत हासिल की है. पठानकोट में भी बीजेपी का प्रदर्शन मजबूत रहा है. नगर काउंसिल की 75 में से करीब 45 सीटों पर भी AAP का दबदबा देखने को मिला है.
50 वार्डों वाले मोहाली में AAP ने 26 वार्ड जीते
इस चुनाव मोहली की तस्वीर आम आदमी पार्टी के लिए पूरी तरह बदली दिखी. 50 वार्डों वाले मोहाली में 2021 में आप का खाता तक नहीं खुला था. लेकिन 2026 में पार्टी ने बड़ी जीत की ओर बढ़ते हुए 26 वार्डों पर कब्जा जमाया है. वहीं बीजेपी औरअकाली दल ने भी यहां से सीटें जीती है.
ये भी पढ़ें-पंजाब नगर निकाय चुनाव में AAP की आंधी, कांग्रेस-BJP सबको पछाड़ा, नतीजों पर क्या बोले मनीष सिसोदिया?


