पुलिस थाने में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, कार में तोड़फोड़ के बाद हुई मारपीट

पुलिस थाने में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, कार में तोड़फोड़ के बाद हुई मारपीट पुलिस थाने में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, कार में तोड़फोड़ के बाद हुई मारपीट

ओडिशा के मयूरभंज जिले से सामने आई यह घटना पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है. बारिपदा टाउन थाना परिसर में उस वक्त हालात बेकाबू हो गए, जब दो युवक गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि वे थाने के अंदर ही भिड़ गए. जिस जगह लोग सुरक्षा की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वही पुलिस स्टेशन कुछ देर के लिए मारपीट, भगदड़ और दहशत का केंद्र बन गया. घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा और भी तेज हो गई है.

घूमने के दौरान शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, बारिपदा के कुछ युवक लुलुंग घूमने गए थे और वहां से लौटते समय उनका धनपुर इलाके के युवकों से विवाद हो गया. शुरुआत में यह सिर्फ कहासुनी तक सीमित था, लेकिन थोड़ी ही देर में मामला गंभीर हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.

फिल्मी अंदाज में पीछा और हमला

आरोप है कि धनपुर के युवक तीन से चार मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कार का पीछा करने लगे. बताया जा रहा है कि उन्होंने जगन्नाथ मंदिर के पास कार को रोक लिया. यहां चालक के साथ मारपीट की गई और कार में जमकर तोड़फोड़ की गई. इससे माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया.

थाने के अंदर ही हो गई मारपीट

हमले से बचने के लिए कार में सवार युवक सीधे बारिपदा टाउन थाना पहुंचे. उन्हें उम्मीद थी कि पुलिस स्टेशन पहुंचकर वे सुरक्षित हो जाएंगे और विवाद यहीं खत्म हो जाएगा. लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ. आरोप है कि पीछा कर रहे युवक थाने के अंदर तक पहुंच गए और वहां भी हमला कर दिया. कुछ ही मिनटों में थाना परिसर में दोनों गुटों के बीच जमकर हाथापाई शुरू हो गई. 

पुलिस ने संभाला हालात

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया और स्थिति को काबू में लिया. दोनों पक्षों के कई युवकों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. बारिपदा टाउन थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. झड़प की असली वजह क्या थी और इसमें कौन-कौन शामिल था, इसकी पड़ताल की जा रही है. हालांकि, अब तक इस मामले में न तो पुलिस की ओर से और न ही किसी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है.

इलाके में तनाव का माहौल

इस घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में दहशत फैल गई. लोग हैरान हैं कि जिस जगह को सबसे सुरक्षित माना जाता है, वहां इस तरह की घटना कैसे हो गई. फिलहाल पुलिस स्थिति को सामान्य बताकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *