उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में यमुनानगर जोन के मेजा थाना क्षेत्र स्थित कुकरकटवा गांव में 15 जून की रात हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी हिमांशु यादव समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. मंगलवार रात हुई मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी हिमांशु के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश बनी वजह
डीसीपी यमुनानगर जोन विवेक चंद्र यादव के मुताबिक, कुकरकटवा गांव में दो बुजुर्ग महिलाओं और एक बुजुर्ग पुरुष की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. मृतकों के परिजनों की तहरीर पर गांव के ही 21 वर्षीय हिमांशु यादव के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी.
जांच में सामने आया कि मामला प्रेम प्रसंग और रंजिश से जुड़ा है. मुख्य आरोपी हिमांशु यादव का मृतक के भाई की बेटी के साथ प्रेम प्रसंग था. करीब चार महीने पहले दोनों घर से भाग गए थे. लड़की के बड़े पापा (मृतक बुजुर्ग) इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे. इसी गुस्से और रंजिश में आकर हिमांशु ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया.
सोशल मीडिया और कॉल डिटेल से खुला राज
पुलिस तफ्तीश में दो बेहद महत्वपूर्ण वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य हाथ लगे. घटना की रात करीब सवा दस बजे मृतक के फोन पर आरोपी हिमांशु ने कॉल की थी. आरोपी के फेसबुक हैंडल पर मृतक के भाई की बेटी के साथ कुछ तस्वीरें मिलीं, जिन्हें कुछ महीने पहले टैग करके शेयर किया गया था.
पिस्टल छीनकर भाग रहा था आरोपी
पूछताछ में जुर्म कबूल करने के बाद हिमांशु ने बताया कि उसने हत्या में इस्तेमाल आला-कत्ल को परानीपुर रोड के पास झाड़ियों में छिपाया है. मंगलवार रात जब पुलिस टीम उसे हथियार बरामदगी के लिए ले गई, तो हिमांशु ने एक दरोगा की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी. पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई.
ग्राम प्रधान समेत 5 गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी हिमांशु यादव के अलावा उसके साथी निहाल गौतम और वारदात में शामिल एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही आरोपी का भाई अंकित यादव भी पकड़ा गया है, जो उसे भगाने में मदद कर रहा था.
खास बात यह है कि पुलिस ने गांव के प्रधान गुड्डू यादव को भी गिरफ्तार किया है. प्रधान पर आरोप है कि उसने चार महीने पहले प्रेमी जोड़े के भागने की बात पुलिस से छिपाई थी और गैर-कानूनी तरीके से मामले में समझौता कराने का प्रयास किया था. पुलिस अपराधियों को सख्त सजा दिलाने के लिए अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है.
यूपी चुनाव 2027 का शंखनाद: बहराइच में गरजे असदुद्दीन ओवैसी, शौकत अली मटेरा से AIMIM उम्मीदवार
लेखक के बारे में


