नई दिल्ली:
बीजेपी ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और त्रिपुरा के प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं. पार्टी ने इन चार राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों का ऐलान किया है.दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा, हरियाणा में अर्चना गुप्ता, पंजाब में सरदार केवल सिंह ढ़िल्लो और त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को ये जिम्मेदारी सौंपी गई है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली, अर्चना गुप्ता को हरियाणा, सरदार केवल सिंह ढ़िल्लो को पंजाब और अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा का बीजेपी अध्यक्ष नियुक्त किया है.
भाजपा ने हर्ष मल्होत्रा को भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। pic.twitter.com/T9crF47pQ7
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 28, 2026
कौन हैं हर्ष मल्होत्रा?
हर्ष मल्होत्रा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली से सांसद हैं. बीजेपी ने इस सीट से गौतम गंभीर की जगह उनको टिकट दिया था. वे केंद्र सरकार में मंत्री पद संभाल रहे हैं. लंबे समय से संगठनात्मक राजनीति में सक्रिय मल्होत्रा ने दिल्ली बीजेपी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं. वे जनसंपर्क, संगठन क्षमता और विकास से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाते हैं. हर्ष मल्होत्रा दिल्ली में वीरेंद्र सचदेवा की जगह लेंगे.अब तक दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष पद की कमान वीरेंद्र सचदेवा संभाल रहे थे.
कौन हैं अर्चना गुप्ता?
डॉ. अर्चना गुप्ता हरियाणा की सक्रिय बीजेपी नेता और डॉक्टर हैं. संगठनात्मक राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है. उन्होंने पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं और महिला नेतृत्व को मजबूत करने में भूमिका निभाई है. प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनसे संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं को मजबूत करने की उम्मीद की जा रही है.

कौन हैं सरदार केवल सिंह ढिल्लो?
सरदार केवल सिंह ढिल्लो को पंजाब के प्रदेश अध्य़क्ष की जिम्मेदारी ऐसे वक्त में दी गई है, जब 2027 में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं. वे बरनाला से दो बार विधायक रह चुके हैं और राज्य में उनकी पहचान एक ऐसे नेता के रूप में है, जो हमेशा से विकास को प्राथमिकता देता आया है. उनके बारे में कहा जाता है कि वो विकास से संबंधित कामों को लेकर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करते हैं.

कौन हैं अभिषेक देबरॉय?
अभिषेक देबरॉय की बात करें, तो वो त्रिपुरा भाजपा के सक्रिय नेता हैं, जिन्हें अब पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. वे लंबे समय से संगठन में कार्य कर रहे हैं और पार्टी के विभिन्न अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं. पार्टी नेतृत्व को उनसे त्रिपुरा में संगठन मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने की उम्मीद है.



