नई दिल्ली:
सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक व्यवस्था को अधिक तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने ‘वन केस वन डेटा’ पहल शुरू करने की घोषणा की है. CJI सूर्यकांत ने सोमवार को अदालत की कार्यवाही शुरू होते ही कहा कि इस पहल के तहत किसी भी मामले से जुड़ी जानकारी सभी जानकारी को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जाएगा. इसमें हाई कोर्ट, जिला अदालत और तहसील स्तर की अदालतों से संबंधित मल्टी लेवल जानकारी एक साथ जोड़ी जाएगी.
आसानी से ट्रैक कर सकेंगे पूरा केस
‘वन केस वन डेटा’ का मकसद एक अधिक प्रभावी और आधुनिक केस मैनेजमेंट सिस्टम विकसित करना है, जिससे मामलों की ट्रैकिंग, रिकॉर्ड प्रबंधन और न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ सके. इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने ‘SU Sahay’ नामक एक सहायक चैटबॉक्स भी लॉन्च करने का ऐलान किया है. यह फीचर सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट से जुड़ा होगा और आम नागरिकों, वकीलों और पक्षकारों को न्यायिक जानकारी और प्रक्रियाओं तक आसान पहुंच उपलब्ध कराने में मदद करेगा.


