Tehri Road Accident: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल के चंबा-कोटी सड़क मार्ग पर जाख-बागबाटा के पास नैल में रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. एक स्विफ्ट डिजायर कार और उत्तराखंड परिवहन निगम की बस के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई.
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. कार में कुल 5 लोग सवार थे, जिनमें एक दंपति देहरादून से टिहरी घूमने जा रहा था, जबकि 3 स्थानीय लोग चंबा से जाख जाने के लिए लिफ्ट लेकर बैठे थे.
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. सूचना मिलते ही चंबा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया. इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए सभी घायलों को जिला अस्पताल बौराड़ी भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है.
Tehri Road Accident Car Collides with Uttarakhand Roadways Bus
हादसे की वजह: तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड
चंबा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा के मुताबिक, स्विफ्ट डिजायर कार चंबा से कोटी कॉलोनी की ओर जा रही थी, जबकि रोडवेज बस घनसाली से ऋषिकेश की तरफ आ रही थी. जाख-बागबाटा के पास नैल में दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई. प्राथमिक जांच और सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि कार तेज रफ्तार में थी और रॉन्ग साइड पर चल रही थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ. हालांकि पुलिस ने कहा है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है.

Tehri Road Accident Car Collides with Uttarakhand Roadways Bus
अस्पताल में चल रहा इलाज
जिला अस्पताल बौराड़ी के ईएमओ गौरव सजवान ने बताया कि हादसे में घायल सभी 5 लोगों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है. डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है, जबकि कार चालक को अपेक्षाकृत ज्यादा चोटें आई हैं. फिलहाल सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
यह भी पढ़ें- हर्षा रिछारिया संन्यास: पहले ‘दुल्हन’, फिर बनीं साध्वी हर्षानंद गिरि, जन्म से पिंडदान तक की पूरी कहानी


