कांग्रेस ने राज्यसभा की सात सीटों के लिए उम्मीदवारों का किया ऐलान , पवन खेड़ा की ‘तपस्या’ हुई पूरी

Latest and Breaking News on NDTV कांग्रेस ने राज्यसभा की सात सीटों के लिए उम्मीदवारों का किया ऐलान , पवन खेड़ा की 'तपस्या' हुई पूरी


नई दिल्ली:

कांग्रेस ने राज्यसभा की सात सीटों के लिए उम्मीदवारों का एलान कर दिया है. कर्नाटक से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा पवन खेड़ा और मंसूर अली खान को उम्मीदवार बनाया गया है. मध्य प्रदेश से मीनाक्षी नटराजन, राजस्थान से नीरज डांगी, झारखंड से प्रणव झा और तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवाती को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है. मीनाक्षी नटराजन और प्रवीण चक्रवर्ती को राहुल गांधी का करीबी माना जाता है. सात में से चार उम्मीदवार अगड़ी जाति से, दो दलित और एक अल्पसंख्यक समुदाय से है.

राज्यसभा में नेता विपक्ष खरगे शुक्रवार को बेंगलुरु में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे. लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी खरगे के नामांकन के मौके पर मौजूद रहेंगे. कर्नाटक में राज्यसभा की चार सीटें खाली हुई हैं जिसमें से कांग्रेस तीन सीटें जीत सकती है.

पवन खेड़ा जाना पहचाना चेहरा

कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी पवन खेड़ा जाना पहचाना चेहरा हैं. मूल रूप से राजस्थान से आने वाले पवन खेड़ा दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के राजनीतिक सलाहकार के रूप में काम कर चुके हैं. चार साल पहले उन्हें कांग्रेस का राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी बनाया गया था. हाल में ही असम विधानसभा चुनाव में दौरान सीएम हेमंत बिस्वा सरमा की पत्नी पर दूसरे देशों के पासपोर्ट और विदेश में संपत्ति का आरोप लगाने के बाद खेड़ा कानूनी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. लेकिन आख़िरकार उनकी “तपस्या” पूरी होने जा रही है.

कर्नाटक से ही आने वाले युवा नेता मंसूर अली खान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और केरल के सह प्रभारी हैं. मंसूर के पिता के रहमान ख़ान पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा के उपसभापति रह चुके हैं.

राहुल गांधी के करीबी मीनाक्षी नटराजन को भी मिला मौका

राहुल गांधी की क़रीबी नेता मानी जाने वाली मीनाक्षी नटराजन को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया है. मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटें खाली हुई हैं. यहाँ चुनाव की नौबत आई तो कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. 

झारखंड में राज्यसभा की दो सीटें ख़ाली हो रही हैं. संख्याबल के आधार पर दोनों सीटें इंडिया गठबंधन के खाते में आ सकती हैं. एक सीट के लिए कांग्रेस जेएमएम को मानने की कोशिश कर रही है. सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने ख़ुद सीएम हेमंत सोरेन से बात की है. यहां से कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के मीडिया सलाहकार प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया गया है.

तमिलनाडु में राज्यसभा की एक सीट पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रवीण चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया है. राहुल गांधी के करीबी और प्रोफेशनल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती तमिलनाडु कांग्रेस के उन नेताओं में से थे जो विधानसभा चुनाव के पहले से विजय की पार्टी टीवीके से गठबंधन की वकालत कर रहे थे. बदले में टीवीके ने कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन का एलान कर दिया है. 

मतदान 18 जून को होगा

कर्नाटक की चार राज्यसभा और सात विधान परिषद सीट पर चुनाव के लिए अधिसूचना बीते सोमवार को जारी की गई, जिसके तहत मतदान 18 जून को होगा. राज्यसभा सदस्य के रूप में खरगे के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इरन्ना कडाडी और नारायण कोरगप्पा और जनता दल (सेक्युलर) के एचडी देवेगौड़ा का कार्यकाल 25 जून को समाप्त होने वाला है, जिसके मद्देनजर इन चार सीट पर चुनाव कराए जा रहे हैं.

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आठ जून है. नामांकन पत्रों की जांच नौ जून को की जाएगी. वहीं, उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून है. मतगणना 18 जून को ही मतदान की समाप्ति के बाद की जाएगी. विधानसभा में मौजूदा संख्या बल के मद्देनजर सत्तारूढ़ कांग्रेस के राज्यसभा की चार सीट में से तीन और विधान परिषद की सात सीट में से पांच पर जीत हासिल करने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें : ललित गुहार लगाते रहे, टी20 WC में खेलने को राजी नहीं हुए सचिन, सौरव




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *