Food Poisoning at Dahod Wedding Ceremony: गुजरात के दाहोद में शादी समारोह में खाना खाने से 400 से ज्यादा लोग बीमार हो गए. यह अबहोलोड गांव की घटना है. सभी को उल्टी-दस्त शुरू हो गया है. जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि सभी मरीजों को 108 एम्बुलेंस और प्राइवेट गाड़ियों से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला बताया है. शादी समारोह भरतभाई राठौड़ के घर पर हुई थी. इधर, सूचना के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने खाने के सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी.
400 से ज्यादा लोग बीमार हो गए
दाहोद के अबहोलोड गांव में शादी के खाने के बाद 400 से ज्यादा लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए. जानकारी के मुताबिक, गांव में खाना खाने के बाद लोग अचानक बीमार पड़ गए. सूचना के बाद मौके पर 108 एम्बुलेंस पहुंचा और मरीजों को अस्पताल लेकर जाया गया. वहीं कुछ लोगों को प्राइवेट गाड़ियों से हॉस्पिटल ले जाया गया.
अस्पताल में कराया गया भर्ती
बता दें कि जाइडस हॉस्पिटल में 50 से ज़्यादा मरीजो का इलाज चल रहा है. 150 से अधिक लोगों को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराय ागया है, जबकि 200 लोगों का इलाज गांव में ही डॉक्टरों ने किया.
शादी समारोह में सभी ने खाया था खाना
बताया जा रहा है कि ये सभी शाम 6 बजे शादी समारोह में खाना खाया था. हालांकि रात 11 बजे से इन सभी में लक्षण दिखने लगे. शादी समारोह में आम का जूस, दाल-चावल, शकपुरी, पनीर की सब्जी परोसे गए थे. डॉक्टरों के मुताबिक, आम के जूस या पनीर की सब्जी से पॉइजनिंग होने का शक है.
400 लोगों के बीमार होने की सूचना मिलते ही हेल्थ डिपार्टमेंट और फ़ूड डिपार्टमेंट मौके पर पहुंचे. वहीं अधिकारियों ने खाने के सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी. इधर, घटना की जानकारी मिलते ही लोकल MLA भी मौके पर पहुंचे. खबर लिखे जाने तक कोई हताहत नहीं हुआ. हालांकि कुछ की हालत गंभीर है.
ये भी पढ़ें: Couple Murder: महज 24,000 रुपये के लिए मुरादाबाद में डबल मर्डर, चाकू घोंपकर पति-पत्नी को मार डाला


