Stock Market Closing Today: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन की शुरुआत मार्केट के लिए शानदार रही. अमेरिका-ईरान के बीच एक बार फिर से बात बिगड़ती देख, लग रहा था कहीं निवेशक बिकवाली पर ना आ जाएं. लेकिन आईटी शेयरों की तेजी ने बाजार को सपोर्ट दिया. सेंसेक्स 0.38% की तेजी के साथ 77,094 पर बंद हुआ. निफ्टी 0.37% की बढ़त के साथ 24,102 के लेवल पर रहा.
टॉप गेनर्स (सेंसेक्स)
- टेक महिंद्रा (1.87)
- सन फार्मा (1.39)
- रिलायंस (1.31)
- इंफोसिस (1.29)
- बीईएल (1.01)
टॉप लूजर्स (सेंसेक्स)
- एशियन पेंट्स (-2.15)
- टाइटन (-1.11)
- पावर ग्रिड (-0.87)
- ट्रेंट (-0.78)
- आईटीसी (-0.75)
कैसी रही सुबह मार्केट की शुरुआत
भारतीय शेयर बाजार (Stock Market) की शुरुआत शानदार बढ़त के साथ हुई है. सेंसेक्स करीब 300 अंक उछल गया, जबकि निफ्टी एक बार फिर 24,000 के स्तर के पार निकल गया. सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर बाजार में चौतरफा हरियाली देखने को मिली.सेंसेक्स 0.37% यानी 286.32 अंक की मजबूती के साथ 77,089.22 के स्तर पर खुला. निफ्टी 50 भी 0.31% यानी 75.55 अंक की बढ़त लेकर 24,088.65 के स्तर पर कारोबार करता दिखा.पिछले शुक्रवार को आईटी (IT) शेयरों में मचे भारी हाहाकार के बाद आज निवेशकों ने राहत की सांस ली.
क्रैश के बाद सीधे रॉकेट बने आईटी शेयर!
पिछले शुक्रवार को एक्सेंचर की खराब कमेंट्री के बाद जो आईटी शेयर बुरी तरह टूटे थे, आज उन्हीं में सबसे दमदार रिकवरी देखने को मिली.
निफ्टी आईटी इंडेक्स (Nifty IT Index) आज 1% से ज्यादा की तेजी के साथ सबसे आगे रहा. इसके साथ ही ‘निफ्टी मिडस्मॉल आईटी एंड टेलीकॉम’ इंडेक्स में भी 0.8% का उछाल है.
बाकी सेक्टर्स की बात करें तो तेल और गैस (Oil & Gas) इंडेक्स में 0.8% की बढ़त देखी गई. इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, फाइनेंशियल सर्विसेज, मीडिया और मेटल शेयरों में भी अच्छी खरीदारी हुई. ऑटो, फार्मा, रियल्टी और एफएमसीजी (FMCG) भी मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में रहे..
डॉलर के मुकाबले रुपया 15 पैसे फिसला
सोमवार, 22 जून को शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपये में गिरावट देखने को मिली. इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में रुपया पिछले बंद भाव के मुकाबले 9 पैसे की कमजोरी के साथ 94.42 प्रति डॉलर पर खुला. शुरुआती उठापटक के बीच अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 15 पैसे टूटकर 94.48 के स्तर पर पहुंच गया. हालांकि, शुरुआती मिनटों में इसने 94.24 का स्तर भी छुआ था. बता दें कि इससे पहले पिछले सत्र यानी शुक्रवार को रुपया 7 पैसे सुधरकर 94.33 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था.
क्यों आई बाजार में तेजी? जानिए वजह
आज बाजार में आई इस तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव का कम होना है.
- स्विट्जरलैंड में चल रही हाई-स्टेक शांति वार्ता के बीच कतर और पाकिस्तान ने एक संयुक्त बयानजारी किया है. इस बयान में कहा गया है कि अमेरिका और ईरान के बीच पहले दौर की बातचीत सकारात्मक रही है और अगले 60 दिनों के भीतर एक अंतिम समझौते के रोडमैप पर सहमति बन गई है.
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हालिया सख्त चेतावनियों के बाद बाजार में जो घबराहट थी, वह उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) और ईरानी अधिकारियों के बीच अंतरिम शांति समझौते के तहत हुई इस पहली सीधी बातचीत के बाद काफी हद तक शांत हो गई है.
- इस बातचीत के सफल होने की उम्मीद से कच्चे तेल की सप्लाई रुकने का डर कम हुआ है, जिससे ग्लोबल मार्केट को बड़ी राहत मिली है.
ब्रेंट क्रूड 2% से ज्यादा टूटकर 78.74 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है, जबकि अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 3% गिरकर 74.98 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है. तनाव के बावजूद तेल का $80 के नीचे रहना यह दिखाता है कि युद्ध बढ़ने का खतरा फिलहाल टल गया है.
लेखक के बारे में
अनिशा कुमारी
सबएडिटर
और पढ़ें


