कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में फिर हुआ इजाफा.
कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम एक बार फिर बढ़ गए हैं. दिल्ली में 42 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. वहीं कोलकाता में 53 रुपये 50 पैसे अब 19 किलो के कॉमर्शियल सिलेंडर पर अतिरिक्त दाम बढ़ गए हैं. कॉमर्शियल सिलेंडर आम तौर पर होटल, रेस्त्रां और शादी-विवाह जैसे आयोजनों में खाना बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं. इनकी कीमतें बढ़ने से दुकानदारों पर और बोझ बढ़ेगा. साथ ही ग्राहकों को भी इसकी वजह से ज्यादा भुगतान करना पड़ सकता है.
14 मार्च को पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने प्रेस कॉफ्रेंस में जानकारी दी कि 29 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई शुरू कर दी गई है. उन्होंने यह भी कहा कि देश में गैस की कोई किल्लत नहीं है. 14 मार्च से पहले ईरान युद्ध के कारण कॉमर्शियल गैस की सप्लाई पर रोक लगा दी गई थी.
दिल्ली-एनसीआर में इसके कारण कई छोटी-मोटी दुकानें बंद भी हो गई थीं. हालांकि, 14 मार्च के बाद दुकानें फिर से खुल गईं. अब कीमतों में एक बार से बढ़ोतरी से दुकानदारों को काफी झटका लगेगा. हालांकि, कालाबाजारी के कारण पहले भी कॉमर्शियल सिलेंडर लेने के लिए दुकानदारों को अतिरिक्त रकम देनी पड़ रही थी.
अब कीमतें बढ़ने के बाद अगर कालाबाजारी रुक जाती है तो शायद दुकानदारों को राहत मिलेगी. सरकार लगातार कालाबाजारी करने वालों को चेतावनी भी दे रही है और कार्रवाई भी कर रही है. अब देखना ये है कि कीमतों का असर आम जनता पर कितना पड़ता है.


