Satna Sandalwood Theft: सतना जिले में चंदन तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कामयाबी सामने आई है. बीते दो सप्ताह के भीतर अलग‑अलग थाना क्षेत्रों में चंदन के कीमती पेड़ों की कटाई और लकड़ी चोरी की सिलसिलेवार घटनाओं ने प्रशासन को सतर्क कर दिया था. उचेहरा और नागौद थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस अंतर्राज्यीय गिरोह के सरगना को उत्तर प्रदेश के कन्नौज से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही लाखों रुपये की चंदन तस्करी का खुलासा हुआ है, वहीं पुलिस अब उसके फरार साथियों की तलाश में दबिशें दे रही है.
एक के बाद एक हुईं चंदन चोरी की वारदातें
सतना जिले में 1 अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच चंदन चोरी की तीन बड़ी घटनाएं सामने आईं. 1 अप्रैल की रात उचेहरा थाना क्षेत्र के अतरवेदिया निवासी डॉ. नीलेश पांडेय की बगिया से अज्ञात चोरों ने 8 छोटे‑बड़े चंदन के पेड़ काट लिए. इसके बाद 11 अप्रैल की रात नागौद थाना क्षेत्र के कचनार निवासी आदित्य सिंह परिहार की बगिया में लगे 4 चंदन के पेड़ों को काटकर उनकी कीमती लकड़ी चोरी कर ली गई. इसके ठीक चार दिन बाद, 15 अप्रैल की रात खैरा निवासी लालमन बागरी की अहरी से भी चोरों ने 4 चंदन के पेड़ काटकर लकड़ी गायब कर दी. लगातार हो रही घटनाओं से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया था.
Satna Sandalwood Theft: चंदन तस्करी गिरोह
पुलिस ने ऐसे कसी गिरफ्त
लगातार सामने आ रही वारदातों के बाद उचेहरा और नागौद थाना पुलिस हरकत में आई. पुराने आपराधिक रिकार्ड खंगाले गए और संभावित तस्करों पर नजर रखी गई. पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया और साइबर सेल का सहयोग भी लिया. तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिला, जिसके बाद कार्रवाई को तेज किया गया.
कन्नौज से पकड़ा गया गिरोह का सरगना
नागौद थाना प्रभारी टीआई अशोक पांडेय ने बताया कि प्राप्त सुरागों के आधार पर गिरिराज सिंह पुत्र गुलाब सिंह (57 वर्ष), निवासी शेखपुरा, जिला कन्नौज (उत्तर प्रदेश) को उसके गांव से हिरासत में लिया गया. थाने लाकर की गई सघन पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी नूर आलम के साथ मिलकर तीनों चंदन चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया.
चंदन की लकड़ी जब्त, आपराधिक इतिहास उजागर
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 75 हजार रुपये मूल्य की चंदन की लकड़ी भी जब्त की है. जांच में यह भी सामने आया कि गिरिराज सिंह इससे पहले भी कोठी थाना क्षेत्र में चंदन चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है. वह लंबे समय से चंदन की तस्करी में सक्रिय अंतर्राज्यीय गिरोह का हिस्सा रहा है.
फरार साथियों की तलाश जारी
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उसके अन्य साथियों की धरपकड़ में जुट गई है. संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह के पकड़े जाने की उम्मीद जताई जा रही है. पुलिस का कहना है कि चंदन तस्करी पर सख्ती जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
यह भी पढ़ें : 11 साल के मासूम की हत्या के पीछे एकतरफा प्यार का शक; सतना के नीले ड्रम जैसी घटना में बहन के बयान से बड़ा खुलासा
यह भी पढ़ें : 20-25 दिन तक सड़ता रहा वनराज का शव; पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघ का कंकाल मिलने से हड़कंप, टाइगर स्टेट पर सवाल
यह भी पढ़ें : Magician Is Compromised; भोपाल तक पहुंचा कांग्रेस का पोस्टर वार, राहुल गांधी के बयान को लेकर मचा सियासी घमासान
यह भी पढ़ें : बागेश्वर धाम पहुंचे पूर्व CJI; बीआर गवई ने परिवार के साथ किया बालाजी दर्शन, धीरेंद्र शास्त्री से भी की मुलाकात


