कई बार जिंदगी ऐसे मोड़ पर ले आती है, जहां किताबों में सीखी गई चीजें असल परीक्षा बन जाती हैं. अमेरिका में CPR ट्रेनिंग के दौरान कुछ ऐसा ही हुआ, जब छात्रों को पढ़ा रहे 72 वर्षीय इंस्ट्रक्टर अचानक कार्डियक अरेस्ट का शिकार हो गए. पहले छात्रों को लगा कि वह केवल डेमो दे रहे हैं, लेकिन कुछ ही सेकंड में हालात गंभीर हो गए. इसके बाद छात्रों ने जो किया, उसने उनके शिक्षक की जान बचा ली.
CPR सिखाते-सिखाते खुद हार्ट अटैक का शिकार हुआ इंस्ट्रक्टर
अमेरिका के विस्कॉन्सिन राज्य में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां 72 वर्षीय EMT इंस्ट्रक्टर कार्ल आर्प्स छात्रों को CPR और हार्ट अटैक के लक्षणों के बारे में पढ़ा रहे थे. इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आने लगे और सांस लेने में परेशानी होने लगी. कुछ ही पलों बाद वह बेहोश होकर गिर पड़े. यह घटना फॉक्स वैली टेक्निकल कॉलेज (FVTC) की क्लास में हुई. शुरुआत में छात्रों को लगा कि कार्ल आर्प्स किसी मरीज की स्थिति का अभिनय कर रहे हैं, लेकिन जल्द ही उन्हें एहसास हो गया कि मामला सच में गंभीर है.
छात्रों ने तुरंत संभाला मोर्चा
द वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, 26 वर्षीय छात्र लोगन लेहरर, जो फायरफाइटर हैं और EMT की ट्रेनिंग ले रहे हैं, उन्होंने बताया कि उन्होंने इंस्ट्रक्टर के चेहरे और हाथों की स्थिति देखकर समझ लिया कि कुछ गड़बड़ है. उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्हें लगा कि यह ट्रेनिंग का हिस्सा है, लेकिन कुछ सेकंड बाद महसूस हुआ कि यह असली मेडिकल इमरजेंसी है. इसके बाद छात्रों ने तुरंत दूसरे इंस्ट्रक्टर को बुलाया और 911 पर कॉल किया. छात्रों ने बिना घबराए कार्ल आर्प्स को फर्श पर लिटाया और CPR देना शुरू कर दिया. साथ ही डिफिब्रिलेटर का भी इस्तेमाल किया गया. जब तक पैरामेडिक्स मौके पर पहुंचे, तब तक आर्प्स की पल्स वापस आ चुकी थी.
‘उन्होंने वही किया जो क्लास में सिखाया गया था’
गोल्ड क्रॉस एम्बुलेंस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर निक रोमेनेस्को ने कहा, कि छात्रों की तेजी और समझदारी ने कार्ल आर्प्स की जान बचाने में बड़ी भूमिका निभाई. उन्होंने बताया कि छात्रों ने बिना घबराए सही समय पर सही कदम उठाए. यही वजह रही कि मरीज की हालत संभाली जा सकी.
बाद में कार्ल आर्प्स की ट्रिपल बायपास सर्जरी हुई और सात दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई. उन्होंने छात्रों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने वही सब किया, जो उन्हें CPR क्लास में सिखाया गया था. कार्ल आर्प्स अब तेजी से रिकवर कर रहे हैं और आने वाले कुछ महीनों में फिर से काम पर लौट सकते हैं.
यह भी पढ़ें: Video: अचानक आसमान से नीचे आया और हाईवे पर जा रहे ट्रक से टकराया विमान, फिर जो हुआ, वो चमत्कार ही है!
जिस घर में मारा गया था ओसामा, वहां से मिली ईंट की तस्वीर वायरल, CIA ने 15 साल बाद खोले कई बड़े राज


