भारत सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना देश के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी मदद साबित हो रही है. इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि 2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है. अब तक 23 किस्तें जारी की जा चुकी हैं. ऐसे में अगर आप किसान हैं और अभी तक इस योजना का लाभ नहीं ले रहे हैं, तो आप नया आवेदन कर सकते हैं. आइए जानते हैं आप कैसे पीएम किसान योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं, योजना की पात्रता क्या है, साथ ही जानेंगे आवेदन के लिए कौन से दस्तावेज जरूरी हैं-
कौन कर सकता है पीएम किसान योजना के लिए आवेदन?
इस योजना का लाभ उन किसान परिवारों को मिलता है जिनके नाम पर खेती योग्य जमीन दर्ज है. परिवार में पति, पत्नी और नाबालिग बच्चे शामिल होते हैं. पात्रता का निर्धारण राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के भूमि रिकॉर्ड के आधार पर किया जाता है.
कौन नहीं है योजना का पात्र?
हालांकि, कुछ लोग इस योजना के लिए पात्र नहीं हैं. इनमें इंस्टीट्यूशनल लेंड लॉर्ड, वर्तमान या पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक, मेयर, आयकर देने वाले व्यक्ति, 10,000 रुपये या उससे ज्यादा मासिक पेंशन पाने वाले रिटायर्ड कर्मचारी या डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, वकील और आर्किटेक्ट शामिल हैं.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
योजना के लिए आवेदन करने वाले किसान के पास-
- आधार कार्ड
- नागरिकता का प्रमाण
- भूमि स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज और
- बैंक खाते की जानकारी होना जरूरी है.
कैसे करें आवेदन?
- इसके लिए योजना के पोर्टल https://pmkisan.gov.in/ पर जाएं.
- यहां ‘Farmers Corner’ में जाकर ‘New Farmer Registration’ के ऑप्शन पर क्लिक करें.
- इसके बाद अपना आधार नंबर, राज्य और कैप्चा दर्ज कर सत्यापन करें.
- अगर आपका नाम पहले से दर्ज नहीं है तो नया पंजीकरण फॉर्म खुलेगा. इसमें व्यक्तिगत जानकारी, बैंक और भूमि से जुड़ी जानकारी भरकर फॉर्म जमा कर दें.
मोबाइल ऐप से भी कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
किसान PMKISAN मोबाइल ऐप डाउनलोड करके भी आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए-
- फोन में ऐप डाउनलोड कर ‘New Farmer Registration’ ऑप्शन पर क्लिक करें.
- यहां आधार नंबर और अन्य जरूरी जानकारी भरनी होती है.
- फॉर्म जमा होने के बाद संबंधित राज्य सरकार लाभार्थी की जांच करती है.
आवेदन जमा करने के बाद किसान PM-Kisan पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन स्टेटस देख सकते हैं.
यहां भी मिल सकती है जरूरी जानकारी
वहीं, अगर आप योजना के लिए पात्र हैं, लेकिन बावजूद इसके आवेदन नहीं कर पा रहे हैं या योजना से जुड़ी अन्य कोई जानकारी चाहते हैं, तो इसके लिए ‘155261’ हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं.
पीएम-किसान से जुड़ी जानकारी चाहते हैं?
चाहे पात्रता की जानकारी हो, पंजीकरण प्रक्रिया, किश्त जारी होने की तिथि, भुगतान की स्थिति, या शिकायत की प्रगति की जानकारी — भारतविस्तार आपको तुरंत और सरल उत्तर प्रदान करता है।
📞 155261 पर कॉल करें और कभी भी AI-संचालित कृषि सहायता प्राप्त… pic.twitter.com/lxZK4QGlch
— Agriculture INDIA (@AgriGoI) June 23, 2026
यह भी पढ़ें- दिल्ली में खुल रहे ‘वीकेंड ट्रैफिक कोर्ट’, पेंडिंग चालान का होगा निपटारा, जान लें डेट, टाइमिंग और लोकेशन


