PM Modi and Giorgia Meloni ‘Melody’ Moment: रोम पहुंचे पीएम मोदी इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी के लिए अपने साथ एक खास गिफ्ट ले गए हैं- पार्ले कंपनी की मेलोडी टॉफी. पीएम मोदी ने पूरा पैकेट पीएम मेलोनी को थमाया और इसका वीडियो सामने आया है. टॉफी लेने के बाद मेलोनी काफी खुश नजर आ रही हैं और यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. दरअसल पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की दोस्ती खूब फेमस है और सोशल मीडिया पर दोनों की दोस्ती के लिए मेलोडी टर्म फेमस है. अब पीएम मोदी ने इसी सोशल मीडिया ट्रेंड को अपनी डिप्लोमेसी का आधार बनाया है.
वीडियो में क्या दिखा?
मेलोनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पीएम मोदी के साथ अपने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “गिफ्ट के लिए धन्यवाद”. वीडियो में मोदी और मेलोनी दोनों ने लोकप्रिय भारतीय चॉकलेट से भरा एक पैकेट पकड़ा हुआ है. क्लिप में इटली की प्रधानमंत्री कहती हैं, ”प्रधानमंत्री मोदी तोहफे में बहुत-बहुत अच्छी टॉफी लाए.” इसपर पीएम मोदी कहते हैं, “मेलोडी”.
PM मोदी ने मेलोनी को गिफ्ट की ‘Melody’#PMModi #GiorgiaMeloni #Italy pic.twitter.com/hlj9tUdLft
— NDTV India (@ndtvindia) May 20, 2026
दिसंबर 2023 में पहली बार दुबई में COP28 के दौरान पहली सेल्फी पोस्ट में #Melodi नाम दिया गया था. इसके बाद जून 2024 में इटली में हुए G7 शिखर सम्मेलन के दौरान मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने हंसते हुए कहा था, “हैलो फ्रेंड्स, फ्रॉम द मेलोडी टीम”
कार में साथ सफर, डिनर और फिर रोम दर्शन
इटली पहुंचते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत बेहद गर्मजोशी से किया गया. पीएम जॉर्जिया मेलोनी खुद पीएम मोदी के साथ नजर आईं. दोनों नेताओं ने साथ में डिनर किया, कार में सफर करते हुए रोम की सबसे मशहूर ऐतिहासिक धरोहर कोलोसियम का दौरा किया. इस खास मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी इस मुलाकात की तस्वीरें शेयर कीं. उन्होंने लिखा, “रोम पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ डिनर पर मिलने का मौका मिला. इसके बाद हमने ऐतिहासिक कोलोसियम का दौरा किया. हमने कई मुद्दों पर अपने विचार साझा किए. आज होने वाली हमारी बातचीत का इंतजार है, जहां भारत-इटली दोस्ती को और मजबूत करने पर चर्चा जारी रहेगी.”
इससे पहले एयरपोर्ट से होटल तक भारतीय समुदाय में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. सांस्कृतिक कार्यक्रमों, बच्चों की बनाई पेंटिंग और गर्मजोशी भरे स्वागत ने पीएम मोदी के इटली दौरे को और खास बना दिया है. इटली पीएम मोदी के पांच देशों के दौरे का आखिरी चरण है. इटली पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी अपने पांच देशों के दौरे के चौथे चरण में नॉर्वे गए थे. नॉर्वे से पहले वह स्वीडन, नीदरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात का दौरा भी कर चुके हैं.
यह भी पढ़ें: कार में साथ सफर, फुल स्माइल और कमाल की दोस्ती… PM मोदी को मेलोनी ने खूब घुमाया रोम


