नई दिल्ली:
टीवी की दुनिया का एक ऐसा स्टार. जिसकी कॉमिक टाइमिंग पर करोड़ों लोग फिदा हैं. छोटे पर्दे पर जिसकी मौजूदगी ही शो की टीआरपी बढ़ा देती है. करोड़ों की नेटवर्थ, लग्जरी लाइफ और टीवी इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा फीस लेने वाले सितारों में गिनती होने के बावजूद जब इस स्टार ने बॉलीवुड का रुख किया तो किस्मत ज्यादा साथ नहीं दे पाई. 11 साल के फिल्मी करियर में इस कॉमेडियन ने पांच फिल्मों में लीड रोल निभाए. लेकिन बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ एक फिल्म ही हिट साबित हुई. जबकि लगातार तीन फिल्मों ने फ्लॉप की हैट्रिक लगा दी. और, अब वो जिस फिल्म से फिल्मी पर्दे पर उतरे हैं वो भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा पा रही है.
अब तक की इकलौती हिट
ये स्टार कोई और नहीं बल्कि कपिल शर्मा हैं. कपिल ने साल 2015 में फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था. करीब 16 करोड़ के बजट में बनी इस कॉमेडी फिल्म ने 71 करोड़ रुपए की कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर शानदार कामयाबी हासिल की थी. यही कपिल के करियर की इकलौती हिट फिल्म भी बनी. इसके बाद 2017 में आई ‘फिरंगी’ 25 करोड़ के बजट के मुकाबले सिर्फ 10.27 करोड़ ही कमा पाई और फ्लॉप हो गई. फिर 2023 में रिलीज हुई ‘ज्विगाटो’ बॉक्स ऑफिस पर महज 1.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर सकी. वहीं 2025 में रिलीज हुई ‘किस किसको प्यार करूं 2′ से भी काफी उम्मीदें थीं. लेकिन 35 करोड़ के बजट वाली ये फिल्म सिर्फ 14 करोड़ रुपए ही कमा पाई और फ्लॉप साबित हुई.
कपिल शर्मा की लेटेस्ट फिल्म दादी की शादी का दो दिन में हाल

अब कपिल शर्मा की नई फिल्म ‘दादी की शादी’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. इस फिल्म में उनके साथ नीतू कपूर, रिद्धिमा कपूर साहनी, सरथ कुमार और सादिया खतीब जैसे कलाकार नजर आए हैं. फिल्म का निर्देशन आशीष आर मोहन ने किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 20 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने पहले दिन भारत में लगभग 60 लाख रुपए की ओपनिंग की है. जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन 72 लाख रुपए कमाए. जबकि दूसरे दिन आंकड़ा 1.12 करोड़ तक पहुंचीं, जिसके बाद भारत में फिल्म का कलेक्शन 1.75 करोड़ हो पाया है. वहीं वर्ल्डवाइड कमाई 2.10 करोड़ तक ही पहुंच पाई है. ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि टीवी का सुपरहिट स्टार इस बार बॉक्स ऑफिस पर वापसी कर पाता है या नहीं.
ये भी पढ़ें- सनी देओल की वो फिल्म, जिसके सिर्फ सेकंड हाफ में आए नजर, मिला नेशनल अवॉर्ड, बनी 1993 की ब्लॉकबस्टर


